Search on Label :: घटनाक्रम :: | India Khabar
BREAKING
Loading...
Showing posts with label घटनाक्रम. Show all posts
Showing posts with label घटनाक्रम. Show all posts

बारातियों से भरी कार बेकाबू होकर खेत में जा पलटी... दूल्हे सहित 3 की मौत, 3 गंभीर

No comments

03 May 2019


बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर बारातियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में कार में सवार दूल्हे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 लोग गंभीर घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स में भर्ती कराया गया है।



सूत्रों के मुताबिक अकलतरा कल्याणपुर जिला जांजगीर-चांपा से एक बारात गुरुवार को रायपुर के लिए निकली थी। इसी बारात में कार में दूल्हा शिवम यादव (25), संगीता उर्फ प्यारी यादव (21) कमलेश यादव (29), हिमांचल यादव (18) और नेहा यादव (19) सवार थे। कार को भोपेश्वर साहू (22) चला रहा था। 


इसी बीच नेशनल हाईवे के नांदघाट थाना के मोहलाइन मोड़ के पास कार बेकाबू होकर सड़क से करीब 25 मीटर की दूरी पर एक खेत में जाकर पलट गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी तेज थी जिससे चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। 



सड़क दुर्घटना में संगीता उर्फ प्यारी यादव की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूल्हे शिवम यादव व चालक भोपेश्वर साहू ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। बाकी कार सवार 3 अन्य गंभीर रूप से घायलों में कमलेश यादव, हिमांचल यादव और नेहा यादव को इलाज के लिए बिलासपुर में भर्ती किया गया है। 


हादसे में मरने वाली संगीता यादव शिक्षाकर्मी बताई जा रही है। मारो पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। इधर, शादी के दिन ही दूल्हे सहित तीन लोगों की मौत पर परिवार में मातम पसर गया हुआ है। पुलिस ने चालक के परिजनों को भी सूचना दे दी है। 

तूफान के दौरान बच्ची ने लिया जन्म, नाम रख दिया 'फेनी'

No comments

भुवनेश्वर। चक्रवाती तूफान 'फेनी' शुक्रवार को ओडिशा के लिए तबाही जैसा मंजर लेकर आया। हालांकि, तूफान के दौरान एक सुखद खबर भी भुवनेश्वर के अस्पताल से आई। यहां सुबह 11 बजकर 3 मिनट पर एक बच्ची का जन्म हुआ, जिसका नाम तूफान के ही नाम पर 'फेनी' रखा गया है। 



स्थानीय मंचेश्वर रेलवे अस्पताल में जन्म लेने वाली बच्ची और मां दोनों स्वस्थ हैं। मंचेश्वर के डॉक्टरों ने बताया कि महिला मंचेश्वर के कोच रिपेयर कारखाने में हेल्पर के तौर पर काम करती है। यह उनकी पहली बेटी है। 

बता दें कि भारी बारिश और करीब 225 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की प्रचंड हवाओं के साथ चक्रवाती तूफान 'फेनी' ने शुक्रवार को सुबह ओडिशा तट पर दस्तक दी थी। हालांकि, अब यह तूफान धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। भयंकर तूफान के कारण इसके प्रभाव वाले इलाकों में कई जगह पेड़ उखड़ गए, झोपड़ियां तबाह हो गईं और पुरी के कई इलाके पानी में डूबे हुए हैं। 



तूफान के बाद अबतक तीन लोगों की मौत की खबर है। इसके साथ ही तकरीबन 12 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। राहत कार्य जारी हैं हालांकि, अब तक तूफान से होने वाले नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है। 

चक्रवाती तूफान 'फेनी' आज सुबह करीब आठ बजे पुरी पहुंचा। इसकी शुरुआत 175 किमी प्रतिघंटे की हवाओं से हुई। वहीं हवा की रफ्तार 245 किमी प्रतिघंटे तक पहुंची। 

प्रचंड तूफान में बदला चक्रवात 'फोनी', ओडिशा में स्कूल-कॉलेज बंद... पर्यटकों को पुरी छोड़ने की सलाह, 11 जिलों से हटाई गई आचार संहिता

No comments

01 May 2019


भुबनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'फोनी' अब प्रचंड रूप ले चुका है। इसके शुक्रवार दोपहर तक ओडिशा के गोपालपुर और चांदबली के बीच से गुजरने की आशंका है। उस समय इसकी अधिकतम रफ्तार 175 से 185 किमी प्रति घंटे के आसपास होगी जो 205 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 



अगले 24 घंटे में तूफान 'फोनी' के बेहद तीव्र होने की आशंका है, जिससे आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गुरुवार तक भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चक्रवात से घरों, खड़ी फसलों, संचार और बिजली समेत रेल और सड़क यातायात को नुकसान होने की संभावना है।


इस बीच ओडिशा में अलर्ट जारी करते हुए स्कूल-कॉलेजों की 2 मई तक छुट्टी कर दी गई है। चक्रवात के मद्देनजर पर्यटकों को पुरी छोड़ने की भी सलाह दी गई है। वहीं भारतीय नौसेना और एनडीआरएफ को राहत कार्यों को लेकर हाई अलर्ट पर रखा गया है। 


बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने ओडिशा के लिए 'येलो वॉर्निंग' जारी की है। मौसम विभाग की ओर से मछुआरों को गहरे समुद्र में जाने से मना किया गया है। इधर, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य में चुनाव की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है। 


11 जिलों से हटाई गई आचार संहिता:  तूफान के प्रभाव को देखते हुए राहत और बचाव के लिए ओड़िशा के 11 जिलों से आचार संहिता हटा दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार तक 'फोनी' तूफान ओडिशा समेत दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में पहुंच सकता है। बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र इस समय पूरे देश में आचार संहिता लागू है।

अगले 24 घंटों में तबाही मचा सकता है 'फेनी' तूफान, ओडिशा में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द... बस्तर में अंधड़ के साथ पड़ सकती है बौछारें

No comments

30 April 2019


रायपुर/भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बना फेनी तूफान मजबूत होकर उत्तर-पूर्व उड़ीसा की ओर आगे बढ़ रहा है। 1 मई को इसके ओड़िशा तट से टकराने की संभावना है। तूफान के असर से बस्तर इलाके में अंधड़ और बौछार पड़ने की संभावना है। प्रदेश के बाकी हिस्सों में इसका आंशिक प्रभाव रहेगा।



सोमवार को राजधानी समेत प्रदेशभर में तेज गर्मी रही। रायपुर में दिन का तापमान 43.4 डिग्री रहा। रविवार की तुलना में तापमान में बहुत मामूली वृद्धि हुई। फिर भी दिन में तेज गर्मी महसूस हुई। नमी बढ़ी हुई थी। 

प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म बिलासपुर रहा। यहां तापमान 44.6 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। लालपुर मौसम केंद्र के सहायक मौसम विज्ञानी पीएल देवांगन के अनुसार तूफान की वजह से दक्षिण छत्तीसगढ़ में तेज हवा के साथ बारिश होगी। एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 




बता दें कि फेनी तूफान ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने एहतियाती कदम के तौर पर गंजाम, पुरी और केंद्रापाड़ा जिलों में कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने तूफान फेनी से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा की जा रही तैयारियों का सचिवालय भवन में जायजा लिया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि फेनी सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय समयानुसार 11.30 बजे चेन्नई के लगभग 840 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व केंद्रित था। वह एक मई तक ओडिशा तट की तरफ पहुंच सकता है। चक्रवाती तूफान के कारण ओडिशा के तटीय जिलों में दो मई से बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।




भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि फेनी अगले छह घंटे में तेज हो जाएगा और इसके बाद के 24 घंटे के दौरान इसकी रफ्तार अत्यंत तीव्र हो जाएगी। यह एक मई तक उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और उसके बाद उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर ओडिशा तट की तरफ मुड़ जाएगा।  सिर्फ एक मई तक समुद्र में जाने की सलाह दी गई है।

गृह मंत्रालय के मुताबिक चक्रवात 'फेनी' के कारण मंगलवार को बहुत तेज तूफान में परिवर्तित होने की आशंका है। इसके मद्देनजर एनडीआरएफ और भारतीय तटरक्षक बल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही पुडुचेरी, तमिलनाडु और दक्षिण आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार तक यह चक्रवात बेहद खतरनाक तूफान का रूप ले सकता है। 




ब्रह्मोस मिसाइल का परीक्षण टला:  चक्रवात 'फेनी' के कारण भारतीय वायुसेना ने ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण टाल दिया है। भारतीय वायुसेना ने यह फैसला ब्रह्मोस एयरोस्पेस के साथ मिलकर लिया है। वायुसेना सुखोई-30 फाइटर जेट से इस मिसाइल का परीक्षण करने वाली थी, लेकिन इसे फिलहाल रोक दिया गया है। 

चुनाव प्रचार करने UP गए कैबिनेट मंत्री रविंद्र चौबे को आया हार्ट अटैक... लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में हुए भर्ती

No comments

27 April 2019


रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि व संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे को लखनऊ में दिल का दौरा पड़ा है। वे चुनाव प्रचार के लिए यूपी गए हुए थे। इसी दौरान वहां उनकी तबीयत बिगड़ने पर स्थानीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए दाखिल कराया गया। 




हार्ट अटैक आने पर चौबे को पहले लखनऊ के सहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद हालत नाजुक होने से उन्हें एयर एंबुलेंस से गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल ले जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन हालत में सुधार के बाद उन्हें लखनऊ के पीजीआई में भर्ती किया गया है।

आपको बता दें कि चौबे शुक्रवार को चुनाव प्रचार के सिलसिले में रायबरेली और अमेठी के दौरे पर थे। देर शाम वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ लखनऊ लौटे थे। तब उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। शनिवार तड़के उन्होंने बैचेनी की शिकायत की और फिर बेहोश हो गए। तब बिलासपुर के विधायक शैलेष पांडेय उनके साथ ही मौजूद थे। 




कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह के मुताबिक, चौबे को सीने में दर्द के साथ माइनर हार्ट अटैक आया है। पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत नासाज चल रही थी। डॉक्टरों ने कहा है, घबराने की कोई बात नहीं है। 

चौबे के परिजनों को रायपुर से विशेष चार्टड प्लेन से लखनऊ ले जाया गया है। सीएम बघेल के अलावे मंत्री मोहम्मद अकबर इस वक्त उनके साथ मौजूद हैं। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के साजा विधानसभा से विधायक रविंद्र चौबे कांग्रेस पार्टी में बेहद कद्दावर नेता माने जाते हैं। वे आठ बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं।

वोटिंग के दौरान मधुमक्खियों ने किया हमला, 6 लोग जख्मी... मतदान केन्द्र में मची अफरा-तफरी!

No comments

23 April 2019


जशपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा की सात सीटों पर मंगलवार को तीसरे चरण का मतदान हो रहा है। इसी दौरान जशपुर जिले से आ रही एक खबर ने सबको चौंका दिया है। दरअसल, यहां वोटिंग के दौरान मतदाताओं की जब कतार लगी हुई थी, तभी अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। 




घटना कुनकुरी इलाके की बताई जा रही है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक मधुमक्खियों के हमले में 6 लोग घायल हो गए हैं।

घायलों में तीन स्काउट गाइड की छात्राएं, दो छात्र और एक वोटर शामिल है। पोलिंग बूथ क्रमांक 73, 74 और 75 में इस घटना के कारण अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कुछ देर बाद मतदान फिर शुरू हो गया।




बताया गया है कि शासकीय कन्या शाला परिसर में मधुमक्खियों के कई छत्ते हैं। इस कारण दहशत और खतरे के बीच मतदाता अपने मताधिकार कर प्रयोग कर रहे हैं। 

स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, चुनाव ड्यूटी में जा रहे पोलिंग अफसर की मौत... 5 मतदान कर्मी घायल

No comments

22 April 2019


अंबिकापुर। बलरामपुर जिले में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में चुनाव ड्यूटी पर जा रहे पोलिंग अधिकारी की मौत हो गई। जबकि 5 लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रुप से घायल मतदानकर्मियों को वाड्रफनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 




बताया जा रहा है कि उक्त सभी लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर बलरामपुर से वाड्रफनगर आ रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित हुआ वाहन पेड़ से जा टकराया। हालांकि, अभी तक हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने के चलते स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हुई होगी। 

जानकारी के मुताबिक पोलिंग पार्टी बलरामपुर से एक स्कार्पियो में सवार होकर जा रही थी। वाहन में सवार सभी लोगों की ड्यूटी प्रतापपुर विधानसभा के मतदान बूथ क्रमांक 51 पर लगी थी। रास्ते में स्याही मोड़ के पास दोपहर करीब 1 बजे अचानक स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। 



हादसा इतना जबरदस्त था कि सभी लोग वाहन में फंस गए। इस बीच किसी ने पुलिस  को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। 

इस हादसे में पोलिंग अफसर और प्राथमिक शाशकीय स्कूल तावरपानी जोकापाट ब्लॉक शंकरगढ़ में पदस्थ शिक्षक गणेश राम की मौत हो गई। जबकि वाहन चालक, एक पुलिसकर्मी सहित मतदान दल के 5 लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 
Don't Miss
Copyright © , All Right Reserved India Khabar
Devloped by: Sai Web Solution