भुबनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'फोनी' अब प्रचंड रूप ले चुका है। इसके शुक्रवार दोपहर तक ओडिशा के गोपालपुर और चांदबली के बीच से गुजरने की आशंका है। उस समय इसकी अधिकतम रफ्तार 175 से 185 किमी प्रति घंटे के आसपास होगी जो 205 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अगले 24 घंटे में तूफान 'फोनी' के बेहद तीव्र होने की आशंका है, जिससे आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गुरुवार तक भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चक्रवात से घरों, खड़ी फसलों, संचार और बिजली समेत रेल और सड़क यातायात को नुकसान होने की संभावना है।
इस बीच ओडिशा में अलर्ट जारी करते हुए स्कूल-कॉलेजों की 2 मई तक छुट्टी कर दी गई है। चक्रवात के मद्देनजर पर्यटकों को पुरी छोड़ने की भी सलाह दी गई है। वहीं भारतीय नौसेना और एनडीआरएफ को राहत कार्यों को लेकर हाई अलर्ट पर रखा गया है।
बता दें कि भारतीय मौसम विभाग ने ओडिशा के लिए 'येलो वॉर्निंग' जारी की है। मौसम विभाग की ओर से मछुआरों को गहरे समुद्र में जाने से मना किया गया है। इधर, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य में चुनाव की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है।
11 जिलों से हटाई गई आचार संहिता: तूफान के प्रभाव को देखते हुए राहत और बचाव के लिए ओड़िशा के 11 जिलों से आचार संहिता हटा दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार तक 'फोनी' तूफान ओडिशा समेत दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में पहुंच सकता है। बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र इस समय पूरे देश में आचार संहिता लागू है।



India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.