भुवनेश्वर। चक्रवाती तूफान 'फेनी' शुक्रवार को ओडिशा के लिए तबाही जैसा मंजर लेकर आया। हालांकि, तूफान के दौरान एक सुखद खबर भी भुवनेश्वर के अस्पताल से आई। यहां सुबह 11 बजकर 3 मिनट पर एक बच्ची का जन्म हुआ, जिसका नाम तूफान के ही नाम पर 'फेनी' रखा गया है।
स्थानीय मंचेश्वर रेलवे अस्पताल में जन्म लेने वाली बच्ची और मां दोनों स्वस्थ हैं। मंचेश्वर के डॉक्टरों ने बताया कि महिला मंचेश्वर के कोच रिपेयर कारखाने में हेल्पर के तौर पर काम करती है। यह उनकी पहली बेटी है।
बता दें कि भारी बारिश और करीब 225 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की प्रचंड हवाओं के साथ चक्रवाती तूफान 'फेनी' ने शुक्रवार को सुबह ओडिशा तट पर दस्तक दी थी। हालांकि, अब यह तूफान धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है। भयंकर तूफान के कारण इसके प्रभाव वाले इलाकों में कई जगह पेड़ उखड़ गए, झोपड़ियां तबाह हो गईं और पुरी के कई इलाके पानी में डूबे हुए हैं।
तूफान के बाद अबतक तीन लोगों की मौत की खबर है। इसके साथ ही तकरीबन 12 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। राहत कार्य जारी हैं। हालांकि, अब तक तूफान से होने वाले नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है।
चक्रवाती तूफान 'फेनी' आज सुबह करीब आठ बजे पुरी पहुंचा। इसकी शुरुआत 175 किमी प्रतिघंटे की हवाओं से हुई। वहीं हवा की रफ्तार 245 किमी प्रतिघंटे तक पहुंची।



India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.