रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि व संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे को लखनऊ में दिल का दौरा पड़ा है। वे चुनाव प्रचार के लिए यूपी गए हुए थे। इसी दौरान वहां उनकी तबीयत बिगड़ने पर स्थानीय मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए दाखिल कराया गया।
हार्ट अटैक आने पर चौबे को पहले लखनऊ के सहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद हालत नाजुक होने से उन्हें एयर एंबुलेंस से गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल ले जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन हालत में सुधार के बाद उन्हें लखनऊ के पीजीआई में भर्ती किया गया है।
आपको बता दें कि चौबे शुक्रवार को चुनाव प्रचार के सिलसिले में रायबरेली और अमेठी के दौरे पर थे। देर शाम वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ लखनऊ लौटे थे। तब उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। शनिवार तड़के उन्होंने बैचेनी की शिकायत की और फिर बेहोश हो गए। तब बिलासपुर के विधायक शैलेष पांडेय उनके साथ ही मौजूद थे।
कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह के मुताबिक, चौबे को सीने में दर्द के साथ माइनर हार्ट अटैक आया है। पिछले दो दिनों से उनकी तबीयत नासाज चल रही थी। डॉक्टरों ने कहा है, घबराने की कोई बात नहीं है।
चौबे के परिजनों को रायपुर से विशेष चार्टड प्लेन से लखनऊ ले जाया गया है। सीएम बघेल के अलावे मंत्री मोहम्मद अकबर इस वक्त उनके साथ मौजूद हैं। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के साजा विधानसभा से विधायक रविंद्र चौबे कांग्रेस पार्टी में बेहद कद्दावर नेता माने जाते हैं। वे आठ बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं।



India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.