नई दिल्ली। गुजरात में सोमवार की शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 21 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। वहीं 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे अंबाजी हाईवे पर हुई। बस मे फंसे घायलों को क्रेन की मदद से निकाला गया।
बता दें कि अंबाजी के त्रिशूलिया घाट पर एक बस पलटने से 21 यात्रियों की मौत हो गई जबकि 53 लोग घायल हुए हैं। घाट के मोड़ पर ड्राइवर ने बस पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस पलट गई। एसपी अजीत रायजन के मुताबिक, बस में 70 यात्री सवार थे। भारी बारिश के कारण घाट पर बस अनियंत्रित हो गई। हमने यात्रियों को क्रेन की सहायता से निकाला।
कलेक्टर संदीप सागले ने बताया कि हमने घायलों को पालनपुर स्थित सिविल अस्पताल भिजवाया है। वहां ज्यादा डॉक्टरों की तैनाती की गई है ताकि घायलों का उपचार तुरंत किया जा सके। सभी यात्री अंकलाव गांव के रहने वाले हैं। अंबाजी मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे, जब यह हादसा हो गया।
जून में भी हुई थी ऐसी ही दुर्घटना
अधिकारियों के मुताबिक, 35 घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। त्रिशुलिया घाट पर जून में ऐसी ही एक दुर्घटना हुई थी, जिसमें नौ लोगों की मौत हुई थी। उस वक्त भी गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया- 'बनासकांठा से बेहद बुरी खबर मिली है। सड़क दुर्घटना में हुई मौतों से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। स्थानीय प्रशासन घायलों की मदद में जुटा हुआ है। प्रार्थना है कि सभी जल्द से जल्द ठीक हों।'
इंडिया खबर के WhatsApp ग्रुप में जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें...


India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.