बीजापुर के नए पुलिस कप्तान बोले- माओवादियों पर कायम रहेगा दबाव... युवा पीढ़ी को भटकने नहीं देंगे, आम लोगों से मेलजोल बढ़ाने पर होगा फोकस - India Khabar
BREAKING
Loading...

Latest

latest

बीजापुर के नए पुलिस कप्तान बोले- माओवादियों पर कायम रहेगा दबाव... युवा पीढ़ी को भटकने नहीं देंगे, आम लोगों से मेलजोल बढ़ाने पर होगा फोकस

10 June 2019

/ by India Khabar

पंकज दाऊद @ बीजापुर। जिले के नए एसपी दिव्यांग पटेल ने कहा है कि पहले की मानिंद ही आगे भी नक्सलियों पर दबाव बनाने ऑपरेशन चलाए जाएंगे। पुलिस की कोशिश होगी कि आम लोगों से मेलजोल बना रहे ताकि युवा पीढ़ी भटकाव में ना आ सके। 


यहां रविवार को पत्रकारों से चर्चा में एसपी दिव्यांग पटेल ने कहा कि डेढ़ साल तक इस जिले में बतौर एएसपी रहते उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं आएगी। वे यहां के हालात से वाकिफ हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी माओवादियों पर दबाव बनाकर रखा गया था और इसे आगे भी जारी रखा जाएगा। पहले की तरह ऑपरेशन और डाॅमिनेशन की प्रक्रिया चलती रहेगी।  

नए पुलिस कप्तान का मानना है कि प्रेशर के कारण भी लोग नक्सलियों का साथ देते हैं और ऐसे लोगों को पुलिस से जोड़ने और नक्सलियों का साथ छोड़ने की रणनीति बनाई जाएगी। लोगों में एक गलतफहमी धर कर गई है कि पुलिस बेवजह प्रताड़ित करती है, जबकि ऐसा नहीं है। इस गलतफहमी का दूर करना जरूरी है। 

एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि पुलिस आम लोगों की सुरक्षा के लिए ही है। युवाओं को पुलिस भर्ती के लिए प्रशिक्षण एवं दीगर सरकारी नौकरियों के लिए मार्गदर्शन का काम भी किया जाएगा ताकि युवा पीढ़ी गलत रास्ते पर ना जा सके। एसपी ने कहा कि सिविक एक्शन के जरिए लोगों से नजदीकियां बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि नक्सलियों से भी अपील की गई है कि वे मुख्यधारा में लौट आएं।


एसपी के मुताबिक जिले में तैनात महिला कमाण्डो में गजब का हौसला है और वे जब ऑपरेशन में जाती हैं तो जवानों से कंधे से कंधा मिलाकर काम करती हैं। गांवों में ऑपरेशन के दौरान अक्सर छेड़खानी के आरोप गांव के लोग लगाते हैं। महिला कमाण्डो के रहने से ऐसे आरोप नहीं लग पाएंगे। महिला कमाण्डो को सुरक्षा देने के लिए भी समय-समय पर तैनात किया जाता है। 

Advertisement 

ऑपरेशन महादेव टैंक चलेगा:  एसपी दिव्यांग पटेल ने कहा कि जिला मुख्यालय में स्थित महादेव तालाब का कायापलट किया जा सकता है। इससे सुबह सैर सपाटे पर निकलने वालों के लिए एक अच्छा स्थान मिल सकेगा। उन्होंने श्रमदान के जरिए इसके गहरीकरण और सौंदर्यीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए आम लोगों और अफसरों की एक बैठक जल्द होगी। इसमें सभी अपनी राय और सहयोग देंगे। बारिश के पहले यहां सौंदर्यीकरण और पौधरोपण किया जाएगा। 
Don't Miss
Copyright © , All Right Reserved India Khabar
Devloped by: Sai Web Solution