जांजगीर चांपा। जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है जिसमें पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने अपनी फूल सी मासूम बेटियों को कुंए में फेंक दिया। इस हादसे में दोनों बच्चियों की मौत हो गई। पुलिस ने संगदिल मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं आरोपी पति के खिलाफ भी प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। यह पूरा मामला हसौद थाना क्षेत्र के अमोदा गांव का है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक धनाराम साहू और सीमा मनहर ने 2015 में प्रेम विवाह किया था। विवाह के दो साल बाद उनकी बेटी हुई। इसके बाद से पति पत्नी के बीच तनाव रहता था और पति हमेशा बेटे के लिए ताना मारता था।
दो साल बाद 9 मई 2019 को सीमा ने एक और बेटी को जन्म दिया। जिसके बाद फिर से पति-पत्नी का आपस मे विवाद होना शुरू हो गया। पति के लगातार तानों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने अपनी दोनों बच्चियों को कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। इनमें एक बच्ची दुधमुंही थी, जो महज 20 दिन की थी।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में महिला ने बताया कि बेटे के लिए पति उसपर हमेशा दबाव डाला करता था। पहली बेटी होने पर पति ने बेटे की चाह में उसे जड़ी-बूटी भी खिलाई लेकिन इसके बाद भी जब दूसरी बेटी हुई तो उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
सीमा मनहर ने अपनी दोनों बेटियों को कुएं में फेंकना स्वीकार कर लिया है। इस मामले मे हसौद पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं उसके पति धनाराम के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।



India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.