रांची। झारखंड के सरायकेला में नक्सलियों ने मंगलवार को बड़ी घटना को अंजाम दिया है। यहां कुचाई इलाके में 209 कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस की टुकड़ी पर नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर हमला कर दिया। इस घटना में कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस के 15 जवान जख्मी हो गए। जवानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची एयरलिफ्ट किया गया है।
जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बल और पुलिस का दस्ता स्पेशल ऑपरेशन पर था। बता दें कि माओवादियों ने जिस इलाके में धमाका कर पुलिस को निशाना बनाने की कोशिश की, वहां पर चुनाव समाप्ति के ठीक दूसरे दिन भी सुरक्षाबलों पर नक्सलियों ने हमला किया था।
खबरों के अनुसार भाकपा माओवादी सुप्रीमो नंबला केशवराव उर्फ बसवाराज झारखंड में संगठन को मजबूत करने के लिए सरायकेला-खरसांवा के इलाके में बैठक कर चुका है। बसवाराज ने इसकी जिम्मेदारी 25 लाख के ईनामी पतिराम मांझी उर्फ अनल को दी है। मिलिट्री कमीशन में अनल को प्रमोशन दिया गया है।
माओवादी अनल वर्तमान में 15 लाख के ईनामी महाराज प्रमाणिक और दस लाख के ईनामी अमित मुंडा के साथ इलाके में कैंप कर रहा है। खबर है कि इन्हीं नक्सलियों की ओर से इस इलाके में पुलिस पर लगातार हमला किया जा रहा है।
हाल की घटनाओं में यह सबसे गंभीर मामला है क्योंकि नक्सलियों ने सुरक्षा दस्ते पर आईईडी धमाका कर बड़ी नुकसान की योजना बनाई थी। हालांकि, माओवादी अपने मंसूबे में कामयाब नहीं रहे। सरायकेला नक्सलियों का अड्डा माना जाता है। यहां हमेशा कोई न कोई घटना सामने आती है।
हाल ही में 20 मई को सरायकेला जिले में एक नक्सली हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। प्रतिबंधित वामपंथी नक्सली समूह के सदस्यों ने हुडांगा गांव में बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया और फिर एक पुलिस बस पर अंधाधुंध गोलीबारी की। हमले के वक्त पुलिसकर्मी सुरू सिंचाई परियोजना और बांध की सुरक्षा के लिए जा रहे थे।
इससे पहले 3 मई को नक्सलियों ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के सरायकेला जिले में स्थित चुनाव कार्यालय को बम से उड़ा दिया। इस घटना में हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। इसके पहले 26 अप्रैल को नक्सलियों ने पलामू जिले में बीजेपी के एक कार्यालय को उड़ा दिया था।



India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.