भुवनेश्वर। भारी बारिश और करीब 225 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की प्रचंड हवाओं के साथ चक्रवाती तूफान 'फेनी' ने शुक्रवार को सुबह ओडिशा तट पर दस्तक दी। भयंकर तूफान के कारण इसके प्रभाव वाले इलाकों में कई जगह पेड़ उखड़ गए हैं, झोपड़ियां तबाह हो गई हैं और पुरी के कई इलाके पानी में डूबे हुए हैं।
तूफान के बाद अबतक तीन लोगों की मौत की खबर है। इसके साथ ही तकरीबन 12 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। नुकसान का सही आकलन अब तक नहीं हो पाया है। हालांकि, अब इसकी रफ्तार धीमी पड़ने लगी है।
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान फेनी ओडिशा के तट से टकराने के बाद पुरी में भीषण तबाही मचाई है। इसके यहां पहुंचते ही हवा की रफ्तार 240 किमी प्रतिघंटे से ज्यादा हो गई और भीषण बारिश हुई है। तूफान की तबाही का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सड़कों पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार धीरे-धीरे यह तूफान पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ रहा है और बंगाल पहुंचते समय हवाओं की रफ्तार 100 किमी प्रतिघंटे से ज्यादा होगी। बंगाल के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार समेत अन्य राज्यों में भी तूफान का असर नजर आ रहा है।
'फेनी' की 10 बड़ी बातें...
- आंध्रप्रदेश के पूर्व गोदावरी, विशाखापट्टनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम जिलों में आचार संहिता हटाई गई है।
- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दो दिन के लिए अपनी सभी सभाएं स्थगित कर दी है।
- कोलकाता में शनिवार सुबह 8 बजे तक विमानों की आवाजाही पर रोक लगी।
- तूफान का असर ओडिशा के 14 जिलों पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपारा, बालासोर, भदरक, गंजम,खुर्दा, जाजपुर, नयागढ़, कटक, गाजापटी, मयूरभंज, ढेंकानाल और कियोंझार में रहा।
- फेनी के चलते गुरुवार शाम से ही ओडिशा के समुद्री तटों के पास तेज बारिश हो रही है।
- तूफान को देखते हुए हजारों लोगों के लिए कैंप बनाए गए हैं, इन कैंप में लोगों के रहने और खाने की व्यवस्था की गई है।
- 1999 के सुपर साइक्लोन के बाद फेनी सबसे खतरनाक चक्रवात माना जा रहा है।
- सुपर साइक्लोन में ओडिशा में करीब 10 हजार लोगों की जान गई थी और भारी तबाही मची थी।
- भारतीय मौसम विभाग सूत्रों के मुताबिक पिछले 43 सालों में यह पहली बार है जब अप्रैल में भारत के आसपास मौजूद समुद्री क्षेत्र में ऐसा कोई चक्रवाती तूफान उठा है।
- इस बार का चक्रवात बंगाल की खाड़ी के गर्म होने से बना है। लिहाजा यह ज्यादा खतरनाक हो सकता है।




India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.