लखनऊ/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इन दिनों उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भूपेश ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि योगी चुनाव में जहाँ-जहाँ गए, वहाँ की सरकारें चली गई।
अब बारी यूपी की है। यहां भी भाजपा का सफाया होने जा रहा है। बघेल ने कहा कि भाजपा से सवाल पूछो तो धर्मद्रोही और अगर पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से सवाल पूछा जाए तो राष्ट्रद्रोही करार दिया जाता है।
बता दें कि बुधवार को यूपी के सरायखास में कांग्रेस-अपना दल गठबंघन की प्रत्याशी कृष्णा पटेल के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में भूपेश बोल रहे थे। बघेल ने कहा कि मोदी ने 2014 के चुनाव में जनता से काफी सारे वादे किए थे। लेकिन सरकार बनते ही सबके हाथों में झाड़ू पकड़ा कर विदेश यात्रा पर चले गए।
बघेल ने कहा कि जब नौजवान रोजगार की माँग करने लगा तो मोदी उसे पकौड़े तलने को कहने लगे। 23 मई के बाद जनता भाजपा वालों से पकौड़ा तलवायेगी। बघेल ने आरोप लगाया कि नोटबन्दी में चार से पांच लाख करोड़ रूपये का घोटाला किया गया है। काँग्रेस सरकार बनने पर इसकी जांच होगी।
सीएम बघेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठे वादे नहीं करती है। वह जो कहती है, करके दिखाती है। छतीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों के कर्ज माफ कर दिए गए। छग में कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ करने के साथ साथ बिजली का बिल भी 'हाफ' कर दिया।
चुनावी सभा में बघेल ने बताया कि छतीसगढ़ में गरीबों को 35 किलोग्राम चावल हर महीने दिया जा रहा है। 15 हजार शिक्षकों की भर्तियां करने का फैसला सरकार ने लिया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही खाली पड़े 24 लाख पद भरे जाएंगे।

India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.