सड़क पर चाय पी रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रियंका गांधी ने लगाई डांट... कहा- गांव में जाकर कीजिए प्रचार - India Khabar
BREAKING
Loading...

Latest

latest

सड़क पर चाय पी रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रियंका गांधी ने लगाई डांट... कहा- गांव में जाकर कीजिए प्रचार

01 May 2019

/ by India Khabar

रायबरेली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इन दिनों पूर्वी उत्तर प्रदेश में धुआंधार चुनाव प्रचार कर रही हैं। इस दौरान वह गांव तक पहुंच कर आम लोगों और पार्टी के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रही हैं। 




इसी सिलसिले में वह बुधवार को अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली के सूची चौराहे से गुजर रही थीं। तभी उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सड़क पर चाय पीते देखा। इसके बाद प्रियंका गांधी अपनी गाड़ी से उतरकर उन लोगों के पास पहुंचीं और उन्हें सड़कों पर चाय पीने की जगह गांव में जाकर चुनाव प्रचार करने को कहा।


कांग्रेस महासचिव व पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका की बात सुनते ही लोग गांव की तरफ बढ़ गए। प्रियंका गांधी भी इसके बाद गाड़ी में बैठकर अपने अगले पड़ाव की ओर निकल पड़ीं।



इससे पहले प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा, 'सड़क पर खड़े हो। यहां गाड़ी खड़ी है। गांव में नहीं जा रहे अंदर प्रचार करने के लिए। चाय पी रहे हो यहां। गांव में जाओ भाई प्रचार करने के लिए'

बता दें कि प्रियंका गांधी के पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से चुनाव लड़ने की काफी चर्चा थी, लेकिन बाद में कांग्रेस पार्टी ने अजय राय को उम्मीदवार बनाया। वाराणसी से चुनाव नहीं लड़ने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि उनके पास पूर्वी यूपी की 41 सीटों का जिम्मा है और पार्टी के सभी प्रत्याशी चाहते हैं कि मैं उनके क्षेत्र में प्रचार करूं। 



प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि वह चुनाव लड़ने से पलटी नहीं हैं। बल्कि इस मुद्दे पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया।


प्रियंका ने कहा कि वे अब यहां से कहीं जाने वाली नहीं हैं। वे अब लोगों की समस्याओं के निराकरण को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी। प्रियंका ने कहा कि राहुल गांधी देश में अकेले ऐसे नेता हैं जो पीएम मोदी से सीधा मुकाबला कर रहे हैं। 

Don't Miss
Copyright © , All Right Reserved India Khabar
Devloped by: Sai Web Solution