नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में भाजपा अप्रत्याशित सफलता हासिल करने की ओर है। प्रचंड बहुमत की ओर बढ़ रही भाजपा ने सारे विपक्षी दलों को हाशिए पर लाकर खड़ा कर दिया है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को शुक्रिया अदा करते हुए अपने ट्विटर अकाउंट से 'चौकीदार' शब्द को हटा दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने चौकीदार शब्द हटाने के साथ ही एक ट्वीट भी किया है।ट्वीट में पीएम मोदी ने लिखा है, 'अब समय आ गया है कि चौकीदार की भावना को अगले पड़ाव पर ले जाया जाए। इस इच्छाशक्ति को बनाए रखिए और देश के विकास के लिए हर क्षण कार्य करते रहिए। यह शब्द 'चौकीदार' मेरे ट्विटर अकाउंट से हट रहा है लेकिन यह मेरा अभिन्न अंग रहेगा। मैं आपसे भी ऐसा करने की अपील करता हूं।'
बता दें कि लोकसभा चुनाव के प्रचार में चौकीदार शब्द छाया रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद को 'चौकीदार' बताया था। इसके बाद राहुल गांधी ने राफेल डील में घोटाले का आरोप लगाते हुए 'चौकीदार चोर है' का नारा दिया। इस मामले को अगले लेवल तक लेकर जाते हुए पीएम मोदी ने अपने नाम के आगे चौकीदार लगा लिया था। मोदी के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रियों ने भी ट्विटर पर अपने नाम के आगे चौकीदार लगा लिया था।

India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.