भैरमगढ़ में भाजपा की चुनावी सभा, भाजयुमो ने बाइक रैली निकाल बनाया माहौल... पूर्व मंत्री केदार बोले- देश में 'पप्पू' नहीं, मोदी का माहौल - India Khabar
BREAKING
Loading...

Latest

latest

भैरमगढ़ में भाजपा की चुनावी सभा, भाजयुमो ने बाइक रैली निकाल बनाया माहौल... पूर्व मंत्री केदार बोले- देश में 'पप्पू' नहीं, मोदी का माहौल

08 April 2019

/ by India Khabar


बीजापुर। पूर्व शिक्षा मंत्री केदार कयश्प ने कांग्रेस के मेनीफेस्टो को भारत को तोड़ने वाला बताते कहा कि पूरे देश में पीएम नरेन्द्र मोदी का माहौल है, 'पप्पू' का नहीं। उन्होंने कहा कि इस बार भी केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार बनेगी। इसे कोई रोक नहीं सकता। 



वे भैरमगढ़ में सोमवार की दोपहर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीति देशद्रोहियों का सम्मान करने और जवानों का मनोबल गिराने की रही है। पूर्व मंत्री ने कहा कि किसानों को साल में 6 हजार व पेंशन, छोटे दुकानदारों को पेंशन, महिलाओं को आरक्षण समेत कई हितकारी योजनाओं को भाजपा ने संकल्प पत्र में शुमार किया है। 


भाजपा के संकल्प पत्र में कारोबारियों को कम ब्याज पर ऋण और हर गांव तक नेटवर्क का भी संकल्प लिया गया है। केदार ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने बीजापुर के लिए कुछ नहीं किया। बम धमाकों के लिए जाना जाने वाले बीजापुर जिले में 2004 में आने से डर लगता था लेकिन अब इसकी सूरत ही बदल गई है। 



केदार ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार सेवा आदि क्षेत्र में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है और इसमें पूर्व विधायक महेश गागड़ा की बड़ी भूमिका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने स्मार्ट कार्ड, आयुष्मान योजना, चना और नमक भी बंद कर दिया है। ये कांग्रेस की नीति है। उन्होंने लोगों से कांग्रेस और भाजपा को परख लेने कहा। 


पूर्व मंत्री कश्यप ने कहा कि आज पूरा देश नरेन्द्र मोदी की ओर देख रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपाई की देन पीएमजीएसवाय है। इससे गांवों तक सड़कें पहुंची हैं। सभा में बस्तर महाराज कमल चंद्र भंजदेव, पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष जी वेंकट, श्रीनिवास मुदलियार, जग्गू तेलामी, घासीराम नाग, नकुल ठाकुर, श्रीराम गुप्ता एवं अन्य मौजूद थे। 



आभार मानते भाजपा जिलाध्यक्ष जी वेंकट ने लोगों से 11 अप्रैल को सुबह जल्दी जाकर भाजपा प्रत्याश बैदूराम कश्यप के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने भीषण गर्मी में सभा में शामिल होने के लिए लोगों का आभार माना। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार भाजपा के 15 साल के काम को आगे नहीं बढ़ा पा रही है। कांग्रेस की कथनी और करनी में फर्क है। 

मोदी बस्तर को ले फिक्रमंद- कमलचंद्र  युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष कमलचंद्र भंजदेव ने पीएम नरेन्द्र मोदी से कई दौर की बातचीत का अनुभव बताया। भंजदेव ने कहा कि पीएम मोदी बस्तर को लेकर काफी फिक्रमंद रहते हैं और हमेशा ही बस्तर के लोगों के बारे में बात करते हैं। उन्होंने बताया कि बस्तर के विकास के लिए वे हमेशा कोशिश में रहते हैं। 

भंजदेव ने कहा कि मोदी के पीएम बनने पर ही भारत सही दिशा में चलेगा। भारत युवाओं का देश है और युवा ही भारत की शक्ति हैं। युवाओं की तरक्की के लिए मोदी सक्षम हैं। तत्कालीन यूपीए सरकार पर गरीबों के साथ छलावा करने का आरोप कांग्रेस पर लगाते कहा कि एनडीए सरकार में गरीब और गरीब होता गया। 

देश का मूड भाजपा के पक्ष में- गागड़ा  पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने कहा कि देश का मूड भाजपा के पक्ष में है। सर्वे में भाजपा की सरकार बनने का रूझान बता रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की रीति-नीति को वोटर्स तक पहुंचाने की अपील करते कहा कि नरेन्द्र मोदी ने देश का वैभव बढ़ाया है। उनके हाथों ही देश सुरक्षित रहेगा और शक्तिशाली बनेगा। 



Don't Miss
Copyright © , All Right Reserved India Khabar
Devloped by: Sai Web Solution