दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की एक और साजिश को नाकाम किया है। अरनपुर थाना क्षेत्र के माड़ेन्दा मार्ग पर नक्सलियों ने पेड़ काटकर गिरा दिया था। जिससे आवागमन बाधित हो गया।
इसकी सूचना मिलने पर सीआरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और पेड़ों को हटाकर मार्ग बहाल किया।
इस दौरान फोर्स ने घटनास्थल के आसपास सर्चिग भी की। सर्चिग के दौरान माडेंदा पुल के पास एक पेड़ के नीचे जवानों को बम दिखाई दिया। सुरक्षा बल के जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से माओवादियों ने इसे प्लांट किया था।
फोर्स ने 5 किलो वजनी बम को सुरक्षित ढंग से बाहर निकाला और मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया।
आपको बताते चलें कि इसी महीने 18 तारीख को दुवालीकरका के जंगलों में हुई मुठभेड़ में डीआरजी के जवानों ने दो नक्सलियों को ढेर कर दिया था। इनमें 5 लाख का ईनामी नक्सली कमांडर वर्गीस भी शामिल था।
इस एनकाउंटर के बाद से क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों में बौखलाहट दिख रही है और वे फोर्स को फांसने के लिए साजिशें भी रच रहे हैं। लेकिन जवानों की सतर्कता ने माओवादियों के नापाक मंसूबे को ध्वस्त कर दिया और एक बड़ा खतरा भी टाल दिया।



India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.