नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के 39वें स्थापना दिवस पर पार्टी के कद्दावर नेता शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। बीजेपी नेतृत्व के साथ लंबे समय से खफा चल रहे शत्रुघ्न ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में कांग्रेस ज्वाइन किया। इस दौरान कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल, पार्टी के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल मौजूद थे।
इस मौके पर रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बेबाक राय रखने वाले शत्रुघ्न सिन्हा गलत पार्टी में थे। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि उम्मीद है कि शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होंगे।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि नवरात्र के मौके पर वे कांग्रेस में शामिल हुए हैं। वे कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं। शॉटगन सिन्हा ने पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी में उन्होंने लोक शाही को धीरे-धीरे तानाशाही में परिवर्तित होते देखा।
शत्रुघ्न ने कहा कि मौजूदा बीजेपी नेतृत्व ने यशवंत सिन्हा, मुरली मनोहर जोशी, अरुण शौरी जैसे कद्दावर शख्सियतों को निपटा दिया गया। बीजेपी में इस वक्त तानाशाही सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि ये 'वन मैन शो और टू मैन आर्मी' की सरकार है।
शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मौके पर अपने दिल में दबे दर्द को भी बयां किया। शत्रुघ्न सिन्हा ने पूछा कि आखिर बीजेपी सरकार में उन्हें मंत्री क्यों नहीं बनाया गया। क्या उनके अंदर काबिलियत नहीं या फिर उनके अंदर क्या कमी थी। शत्रु ने कहा कि केंद्र के मंत्रियों को अपना सचिव रखने की इजाजत रखने की नहीं थी।
बीजेपी पर बरसे: बीजेपी पर अपनी भड़ास निकालते हुए शत्रुघ्न ने कहा कि मौजूदा सरकार ने कोई ढंग का काम नहीं किया और जब उनसे काम के बारे में पूछा जाता है तो जवाब में थेथरई की जाती है। शत्रु के मुताबिक मौजूदा बीजेपी में विरोधियों को दुश्मन की नजर से देखा जाने लगा है जबकि आडवाणी जी ने कहा है कि आपका राजनीतिक विरोधी आपका दुश्मन नहीं होता है।
कांग्रेस में शामिल होने से पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट कर कहा था कि वे भारी मन और गहरी वेदना से उन्होंने अपनी पुरानी पार्टी बीजेपी को अलविदा कह दिया है। उन्होंने कहा कि इसका कारण हम सभी को पता है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बड़ा संयोग है कि आज ही बीजेपी का स्थापना दिवस भी है।



India Khabar.in is a Hiring Online Hindi News Portal. We Provide Latest News From all over India.